IMG-LOGO

रिलीज डेट के टकराव से बेपरवाह फिल्म 'ईठा' के निर्देशक लक्ष्मण उतेकर, फिल्म की कहानी पर भरोसा

Posted on: 2026-11-25
IMG

मुंबई, 25 नवंबर । श्रद्धा कपूर की फिल्म \'ईठा\' और सलमान खान की \'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस\' एक साथ 04 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही हैं। दोनों फिल्मों के बॉक्स ऑफिस पर आमने-सामने आने को लेकर फिल्म जगत में चर्चा शुरू हो गई है। हालांकि, \'ईठा\' के निर्देशक लक्ष्मण उतेकर इस टक्कर को लेकर चिंतित नहीं हैं। उनका मानना है कि दर्शकों के बीच दोनों फिल्मों के लिए पर्याप्त जगह है और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा से किसी को घबराने की जरूरत नहीं है।

पुणे में फिल्म के प्रचार कार्यक्रम के दौरान लक्ष्मण उतेकर ने कहा कि दोनों फिल्मों के एक साथ रिलीज होने के बावजूद सिनेमाघरों में उनके प्रदर्शन के लिए पर्याप्त अवसर हैं। उन्हें अपनी फिल्म पर पूरा भरोसा है और उम्मीद है कि दर्शक इसे खूब पसंद करेंगे। उन्होंने यहां तक कहा कि फिल्म को मिलने वाला दर्शकों का प्यार एक अलग तरह का विश्व रिकॉर्ड भी बना सकता है।

वहीं, सलमान खान ने हाल ही में \'मातृभूमि\' की रिलीज तारीख को लेकर कहा था कि अगर उन्हें पहले से \'ईठा\' की रिलीज के बारे में पता होता तो वह 04 दिसंबर की तारीख चुनने से बच सकते थे। उन्होंने श्रद्धा के साथ फिल्म रिलीज होने पर अफसोस भी जताया था। इससे पहले सलमान ने \'ईठा\' का ट्रेलर शेयर कर पूरी टीम को शुभकामनाएं दी थीं।

लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी \'ईठा\' मशहूर लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर के जीवन से प्रेरित बायोग्राफिकल ड्रामा है। फिल्म में श्रद्धा कपूर के साथ रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब और सिद्धार्थ जाधव भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। दूसरी ओर, सलमान खान की \'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस\' का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है और इसका निर्माण सलमा खान ने सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले किया है। फिल्म में चित्रांगदा सिंह भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं।

Tags: