नई दिल्ली, 02 नवंबर । घरेलू शेयर बाजार में आज शुरुआती कारोबार के दौरान जबरदस्त तेजी का माहौल बना हुआ है। हफ्ते के पहले कारोबारी दिन बाजार की शुरुआत शानदार बढ़त के साथ हुई थी। बाजार खुलने के तुरंत बाद खरीदारों ने चौतरफा लिवाली का जोर बनार दिया जिससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांकों की मजबूती और बढ़ गई।रिलायंस इंडस्ट्रीज के मजबूत तिमाही नतीजों के सपोर्ट से शुरू हुई इस खरीदारी के दम पर बाजार लगातार ऊंचाई की ओर बढ़ता गया। बाजार में लगातार जारी खरीद बिक्री के बीच सुबह करीब 10 बजे सेंसेक्स 1.27 प्रतिशत और निफ्टी 1.10 प्रतिशत की मजबूती के साथ कारोबार कर रहे थे।
बीएसई का सेंसेक्स आज 718.71 अंक यानी 0.97 प्रतिशत की दमदार बढ़त दर्ज करते हुए 75,178.24 अंक के स्तर पर खुला। कारोबार की शुरुआत होते ही बाजार में लिवाली का दौर शुरू हो गया। खासकर, रिलायंस जैसे बड़े हैवीवेट शेयर में आई तूफानी तेजी से बाजार को शुरुआती बूस्ट मिला, जिससे यह सूचकांक शुरुआती कुछ मिनटों के भीतर ही उछल कर 75,489.70 अंक के ऊपरी स्तर तक पहुंच गया। बाजार में लगातार जारी खरीद-बिक्री के बीच सुबह 10 बजे तक कारोबार होने के बाद सेंसेक्स 942 अंक यानी 1.27 प्रतिशत की शानदार मजबूती के साथ 75,401.53 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा था।
सेंसेक्स की ही तरह एनएसई के निफ्टी ने आज 169.20 अंक यानी 0.73 प्रतिशत की दमदार उछाल के साथ 23,222.30 अंक के स्तर से कारोबार की शुरुआत की। बाजार खुलते ही रिलायंस, टाटा स्टील और एसबीआई जैसी दिग्गज कंपनियों में शुरू हुई जोरदार लिवाली के चलते इस सूचकांक की चाल ने रफ्तार पकड़ ली। लगातार हो रही चौतरफा खरीदारी के सपोर्ट से निफ्टी शुरुआती कारोबार में ही 23,330.70 अंक के स्तर तक पहुंचने में सफल रहा। बाजार में लगातार जारी इसी लिवाली के बीच सुबह 10 बजे तक का कारोबार होने के बाद निफ्टी 252.45 अंक यानी 1.10 प्रतिशत की तेजी के साथ 23,305.55 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
अभी तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट में 2,966 शेयरों में एक्टिव ट्रेडिंग हो रही थी। इनमें से 2,134 शेयर मुनाफा कमा कर हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जबकि 832 शेयर नुकसान उठा कर लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। इसी तरह सेंसेक्स में शामिल 30 शेयरों में से 25 शेयर लिवाली के सपोर्ट से हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर 5 शेयर बिकवाली के दबाव में लाल निशान में कारोबार कर रहे थे। जबकि निफ्टी में शामिल 50 शेयरों में से 40 शेयर हरे निशान में और 10 शेयर लाल निशान में कारोबार करते हुए नजर आ रहे थे।
आज सुबह 10 बजे तक के कारोबार में स्टॉक मार्केट की दिग्गज कंपनियों में से टॉप गेनर्स की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज 6.76 प्रतिशत की तूफानी बढ़त के साथ सबसे आगे बना हुआ था। इसके अलावा टाटा स्टील 4.24 प्रतिशत, मैक्स हेल्थकेयर 3.91 प्रतिशत, जियो फाइनेंशियल सर्विसेज 3.61 प्रतिशत और एनटीपीसी 3.11 प्रतिशत की तगड़ी मजबूती के साथ हरे निशान में बने हुए थे। दूसरी ओर, बाजार की इस ऐतिहासिक तेजी के बीच भी टॉप लूजर्स में सन फार्मास्युटिकल्स 1.33 प्रतिशत, अपोलो हॉस्पिटल्स 1.09 प्रतिशत, आयशर मोटर्स 0.60 प्रतिशत, बजाज ऑटो 0.45 प्रतिशत और अदानी पोर्ट्स 0.41 प्रतिशत की गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे थे।
इसके पहले पिछले सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 308.49 अंक यानी 0.42 प्रतिशत की मजबूती के साथ 74,459.53 अंक के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी ने 116.35 अंक यानी 0.51 प्रतिशत की उछाल के साथ 23,053.10 अंक के स्तर पर शुक्रवार के कारोबार का अंत किया था।