IMG-LOGO

अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान अमेरिका को भारत का माल निर्यात 51 अरब डॉलर तक पहुंच गया।

Posted on: 2026-10-16
IMG
अप्रैल-सितंबर 2026 के दौरान अमेरिका को भारत का माल निर्यात 51 अरब डॉलर तक पहुंच गया।

सरकार ने कहा है कि शुल्क संबंधी बाधाओं के बावजूद, इस वर्ष अप्रैल-सितंबर के दौरान अमेरिका को भारत का माल निर्यात बढ़कर लगभग 51 अरब डॉलर हो गया है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले वर्ष की इसी अवधि में अमेरिका को निर्यात 45.73 अरब डॉलर था।
 
वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के लिए बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है और दोनों देश जल्द से जल्द समझौते को अंतिम रूप देने के लिए प्रयासरत हैं। वाणिज्य सचिव ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक सामान, पेट्रोलियम उत्पाद, इंजीनियरिंग सामान, रसायन और कृषि उत्पादों की अधिक शिपमेंट से आर्थिक विकास को बल मिल रहा है। 
 
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सितंबर 2026 में भारत का कुल निर्यात 80.75 अरब डॉलर रहने का अनुमान है, जो सितंबर 2025 की तुलना में 10.99 प्रतिशत की सकारात्मक वृद्धि दर्शाता है। सितंबर 2026 में कुल आयात लगभग 94 अरब डॉलर रहने का अनुमान है, जो सितंबर 2025 की तुलना में 8.19 प्रतिशत की वृद्धि है।
 
इस बीच, अप्रैल-सितंबर 2026-27 के दौरान भारत का कुल निर्यात 476.20 अरब डॉलर रहने का अनुमान है, जो 13.84 प्रतिशत की सकारात्मक वृद्धि दर्शाता है। अप्रैल-सितंबर 2026-27 के दौरान कुल आयात 551.13 अरब डॉलर रहने का अनुमान है, जो 15.68 प्रतिशत की वृद्धि है। 
 
इस वर्ष सितंबर में माल का निर्यात 44.40 अरब डॉलर रहा, जबकि पिछले वर्ष सितंबर में यह 36.08 अरब डॉलर था। इसी प्रकार, इस वर्ष सितंबर में माल का आयात 74.61 अरब डॉलर रहा, जबकि पिछले वर्ष सितंबर में यह 69.08 अरब डॉलर था।

Tags: