अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने
मंगलवार को Google के CEO सुंदर पिचाई के
लिए एक ऐसे शब्द का इस्तेमाल किया जिसने वहां मौजूद लोगों का ध्यान खींच लिया.
व्हाइट हाउस में टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से
जुड़े दिग्गजों के साथ लंच के दौरान ट्रंप ने पिचाई को ‘मॉन्स्टर’ बताया और कहा कि
उन्हें बहुत कम लोग जानते हैं. ट्रंप की यह टिप्पणी सोशल मीडिया और मीडिया
रिपोर्टों में चर्चा का विषय बन गई है.
रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रंप ने
पिचाई की ओर इशारा करते हुए कहा, “यह आदमी मॉन्स्टर है और
कोई इसे जानता नहीं है. क्या शानदार जिंदगी है! मॉन्स्टर बनो और फिर भी तुम्हें इस
सब से नहीं गुजरना पड़े.” ट्रंप की बात का संदर्भ पिचाई की बड़ी कारोबारी भूमिका
और अपेक्षाकृत कम सार्वजनिक प्रोफाइल से था.
बातचीत के दौरान ट्रंप ने पिचाई को बोलने के लिए आमंत्रित किया.
जैसे ही Google CEO ने बोलना शुरू किया, ट्रंप ने वहां मौजूद टेक दिग्गजों की ओर इशारा करते हुए कहा कि लोग शायद
इन सभी शख्सियतों को नहीं जानते होंगे. इसके बाद उन्होंने पिचाई का नाम जोर देकर
कहा- “SUNDAR! Sundar is his name.” इस दौरान ट्रंप ने पिचाई
की वैश्विक कारोबारी पहचान की ओर भी ध्यान दिलाया.
ट्रंप की ‘मॉन्स्टर’ वाली टिप्पणी पर सुंदर पिचाई ने भी मुस्कुराते
हुए जवाब दिया. उन्होंने कहा, “उम्मीद है कि यह ‘मैं
मॉन्स्टर हूं’ से बेहतर टैगलाइन होगी.” पिचाई का यह जवाब भी वहां मौजूद लोगों के
बीच चर्चा का हिस्सा बना.
यह पूरा वाकया व्हाइट हाउस में आयोजित हाई-प्रोफाइल AI लंच के दौरान हुआ. बैठक में Google के सुंदर पिचाई
के अलावा Meta के मार्क जुकरबर्ग, Nvidia के Jensen Huang, Microsoft के Satya
Nadella, OpenAI के Greg Brockman, Anthropic के
Dario Amodei और Amazon के संस्थापक
Jeff Bezos समेत टेक जगत के कई बड़े नाम शामिल हुए.
व्हाइट हाउस की इस बैठक में AI के विकास,
सुरक्षा और नियमन को लेकर चर्चा हुई. बैठक के बाद ट्रंप ने टेक
कंपनियों के साथ AI के स्व-नियमन से जुड़े एक स्वैच्छिक
समझौते की घोषणा भी की. रिपोर्टों के अनुसार, इसमें AI
सिस्टम की आंतरिक निगरानी, बाहरी ऑडिट और
बोर्ड स्तर की समीक्षा जैसे सुरक्षा उपायों पर जोर दिया गया है.
सुंदर पिचाई दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनियों में से एक Google
का नेतृत्व करते हैं, लेकिन आम लोगों के बीच
उनकी सार्वजनिक मौजूदगी कुछ अन्य टेक अरबपतियों की तुलना में कम दिखाई देती है.
ऐसे में ट्रंप का यह कहना कि ‘वह मॉन्स्टर हैं और कोई उन्हें जानता नहीं’ एक
असामान्य लेकिन प्रशंसात्मक टिप्पणी के रूप में सामने आया. हालांकि, ‘मॉन्स्टर’ शब्द का इस्तेमाल यहां ट्रंप ने आलोचना के बजाय पिचाई की बड़ी
हैसियत और प्रभाव को रेखांकित करने के लिए किया.