भारत-अमेरिका के संयुक्त सैन्य अभ्यास \'युद्ध अभ्यास\' के 22वें संस्करण का उद्घाटन समारोह उत्तराखंड के चमोली जिले के औली में आयोजित किया गया।
यह समारोह औली विदेशी प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित किया गया, जिसमें दोनों देशों के 600-600 कर्मियों के दल ने भाग लिया। यह अभ्यास औली और राजस्थान के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में आयोजित किया जा रहा है।
आकाशवाणी संवाददाता की रिपोर्ट है कि इस अभ्यास का उद्देश्य पर्वतीय और अर्ध-पर्वतीय क्षेत्रों में संयुक्त सैन्य अभियान चलाने के लिए दोनों सेनाओं की क्षमताओं को बढ़ाना है, जिसमें पैदल सेना आधारित अभियानों पर विशेष जोर दिया गया है।
इस अभ्यास के दौरान, दोनों सेनाएं परिचालन पद्धतियों का आदान-प्रदान करेंगी और संयुक्त योजना और संचालन को मजबूत करेंगी।
इस प्रशिक्षण में निगरानी और टोही के लिए ड्रोन और स्वायत्त प्रणालियों के उपयोग को शामिल किया जाएगा।
महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में आधुनिक हथियार प्रणालियों का प्रदर्शन भी किया जाएगा। दोनों सेनाओं के विशेषज्ञ बहु-क्षेत्रीय युद्ध से संबंधित उभरती प्रौद्योगिकियों और विकासों पर अपने विचार साझा करेंगे।