कर्नाटक दुबई में आयोजित अरेबियन ट्रैवल मार्केट में अपने विविध पर्यटन स्थलों का प्रदर्शन कर रहा है। अरेबियन ट्रैवल मार्केट (ATM) अंतरराष्ट्रीय यात्रा और पर्यटन उद्योग का एक प्रमुख वार्षिक व्यापार मेला है, जो 14 से 17 सितंबर तक दुबई में आयोजित किया जा रहा है। यह इनबाउंड और आउटबाउंड पर्यटन पेशेवरों के लिए एक वैश्विक व्यापार मंच के रूप में कार्य करता है।
राज्य के ऊर्जा एवं पर्यटन मंत्री के.जे. जॉर्ज ने कर्नाटक पर्यटन स्टॉल का उद्घाटन किया, जिसमें राज्य की विरासत, संस्कृति, प्राकृतिक दृश्य और पर्यटन अनुभवों को प्रदर्शित किया गया है। इस अवसर पर बोलते हुए मंत्री ने कहा कि कर्नाटक के मैसूरु, हम्पी, बादामी, बेलूर, हालेबिडु और पट्टाडकल सहित सभी जिलों में पर्यटकों के लिए कुछ न कुछ विशेष आकर्षण है। उन्होंने राज्य के तटीय पर्यटन , पश्चिमी घाट और यूनेस्को द्वारा मान्यता प्राप्त तीन धरोहर स्थलों का भी उल्लेख किया । उन्होंने आगे कहा कि एटीएम दुबई में भागीदारी का उद्देश्य वैश्विक पर्यटन समुदाय के सामने राज्य की छवि प्रस्तुत करना और अधिक अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित करना है।
एटीएम स्थित कर्नाटक पर्यटन के स्टॉल पर राज्य के चुनिंदा ओडीओपी (वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट) उत्पादों को प्रदर्शित करने वाली एक प्रदर्शनी भी लगाई गई है।