अमरीका में हुए सबसे घातक
हमले के 25 साल बाद, अमरीकी नागरिक 9/11 के
लगभग 3,000 पीड़ितों को याद कर रहे हैं। 2001 में अल-कायदा ने विमान अपहरण करके किए हमले की दुखद बरसी
मनाने के लिए अमरीका में समारोह और कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे है। 11 सितंबर, 2001 को, चार अपहृत यात्री विमानों का इस्तेमाल हथियारों के रूप में
किया गया था। दो विमान न्यूयॉर्क में वर्ल्ड ट्रेड सेंटर के ट्विन टावर्स से टकराए, तीसरा वाशिंगटन डी.सी. के ठीक बाहर पेंटागन से टकराया, और चौथा विमान यात्रियों की जवाबी कार्रवाई के बाद
पेंसिल्वेनिया के शैंक्सविले में एक खेत में गिर गया था।
इन हमलों में 2,977 लोग मारे गए, इनमें 19 अपहरणकर्ता शामिल नहीं हैं। पीड़ितों में 77 देशों के नागरिक और न्यूयॉर्क शहर के 441 आपातकालीन कर्मी शामिल थे। इन हमलों के जवाब में अमरीका ने
अल-कायदा को खत्म करने और उसके सरगना ओसामा बिन लादेन को पकड़ने के लिए
अफगानिस्तान पर सैन्य कार्रवाई की। 2011 में
पाकिस्तान में की गई कार्रवाई में ओसामा को मार दिया गया था।