IMG-LOGO

ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई का आह्वान, मुस्लिम देश असली दुश्मन की पहचान करें

Posted on: 2026-08-30
IMG
ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई का आह्वान, मुस्लिम देश असली दुश्मन की पहचान करें

तेहरान, 30 अगस्त  ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने रविवार को कहा कि मुस्लिम देशों को इस समय असली दुश्मन की पहचान करनी चाहिए। उन्होंने अमेरिका और इजराइल पर इस्लामिक एकता के कट्टर दुश्मन होने का आरोप लगाया।

ईरान के सरकारी प्रसारक आईआरआईबी के अनुसार इस्लामिक एकता सप्ताह के मौके पर एक संदेश में खामेनेई ने कहा, \"इस्लामिक देशों के शासकों, खासकर पश्चिम एशिया और खाड़ी क्षेत्र के शासकों से मेरी जोरदार और बार-बार की सलाह है कि वे अपने असली दुश्मन को पहचानें, उसकी योजना को समझें और उसका सामना करें।\"

अल जजीरा की रिपोर्ट में आईआरआईबी के हवाले से बताया गया है कि खामेनेई ने कहा कि प्रिय और प्रभावशाली इस्लामिक सभ्यता को हासिल करने के लिए मुसलमानों के बीच एकता जरूरी है। खामेनेई ने दावा किया कि अमेरिका और इजराइल इस एकता और दोस्ती के कट्टर दुश्मन हैं। उन्होंने कहा कि वाशिंगटन और तेल अवीव न केवल ईरान के नहीं बल्कि समूचे इस्लामिक जगत के भी दुश्मन हैं।

उल्लेखनीय है कि फरवरी के आखिर में अमेरिका और इजराइल के ईरान पर संयुक्त हमले के बाद मध्य पूर्व में तनाव बढ़ गया। इसके जवाब में तेहरान ने उन क्षेत्रीय देशों पर जवाबी हमले किए, जहां अमेरिकी सैन्य ठिकाने मौजूद हैं। अप्रैल में ईरान और अमेरिका युद्धविराम पर सहमत हुए और जून में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। इसका मकसद सैन्य संघर्ष को खत्म कर स्थायी शांति समझौते तक पहुंचना था।

हालांकि, पिछले महीने यह समझौता टूट गया। तेहरान और वाशिंगटन के बीच लगभग दो हफ्तों तक हमले होते रहे। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संघर्ष को सुलझाने के लिए बातचीत की खबरों के बीच अचानक बमबारी रोक दी। अब अमेरिका ने आर्थिक नाकाबंदी करनी शुरू कर दी है।

Tags: