पवन सिंह का कुकिंग अंदाज पड़ा भारी, सावन में चिकन वाले प्रोमो पर शुरू हुआ विवाद
Posted on:
2026-08-03
पवन सिंह का कुकिंग अंदाज पड़ा भारी, सावन में चिकन वाले प्रोमो पर शुरू हुआ विवाद
भोजपुरी सिनेमा के पावर स्टार पवन सिंह इन दिनों अपने नए शो \'भोजपुरी बवाल\' को लेकर चर्चा में हैं। भोजपुरी इंडस्ट्री में अपनी दमदार आवाज और अभिनय के लिए मशहूर पवन सिंह की लोकप्रियता सिर्फ भोजपुरी दर्शकों तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर में उनके लाखों फैंस हैं। उनके नए शो को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह था। यह शो 2 अगस्त को जियो हॉटस्टार और कलर्स टीवी पर शुरू हो चुका है। इसी बीच शो का नया प्रोमो रिलीज हुआ, जिसके बाद सोशल मीडिया पर एक अलग ही तरह की बहस शुरू हो गई है।खगोल शास्त्र
दरअसल, \'भोजपुरी बवाल\' के नए प्रोमो में पवन सिंह किसी फिल्मी किरदार में नहीं बल्कि किचन में खाना बनाते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह अपने साथियों के साथ बिहारी अंदाज में खाना बनाने की तैयारी करते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान पवन सिंह अपने साथियों से कहते हैं कि गांव से देसी मुर्गा लेकर आओ, ताकि बिहारी स्टाइल में चिकन बनाया जा सके। प्रोमो में दिखाया गया है कि पवन सिंह के साथी गांव जाकर मुर्गा लाने की कोशिश करते हैं, जबकि दूसरी तरफ पवन सिंह किचन में चिकन बनाने की तैयारी करते नजर आते हैं। वह प्याज, लहसुन, मिर्च, धनिया पत्ता और कई तरह के मसालों के साथ खाना बनाने की तैयारी करते हैं। वीडियो में पवन सिंह अपने फैंस को बिहारी स्टाइल में चिकन बनाने की रेसिपी भी बताते दिखाई दे रहे हैं।
पवन सिंह वीडियो में बताते हैं कि चिकन बनाने में सबसे ज्यादा ध्यान उसे अच्छी तरह भूनने पर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वादिष्ट चिकन बनाने के लिए आंच का सही होना बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी बताया कि बिहारी स्टाइल चिकन में टमाटर का इस्तेमाल नहीं किया जाता और इसका असली स्वाद मसालों और अच्छी तरह पकाने की प्रक्रिया से आता है। हालांकि, शो का यह प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है। जहां कुछ फैंस को पवन सिंह का यह नया अंदाज पसंद आ रहा है और वह उनके कुकिंग टैलेंट की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कुछ लोग इस वीडियो को लेकर नाराजगी भी जाहिर कर रहे हैं।
दरअसल, यह विवाद सावन महीने को लेकर शुरू हुआ है। हिंदू धर्म में सावन का महीना भगवान शिव की आराधना के लिए बेहद पवित्र माना जाता है। कई लोग इस दौरान मांसाहारी भोजन से दूरी बनाते हैं और सात्विक भोजन का पालन करते हैं। ऐसे में कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने पवन सिंह द्वारा सावन में चिकन बनाने वाले प्रोमो पर आपत्ति जताई। कई यूजर्स ने कमेंट कर अपनी नाराजगी जाहिर की। एक यूजर ने लिखा, \"चंदन लगाकर चिकन बना रहे हैं, वाह।\" वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, \"टीका लगाकर ये सब करना सही नहीं है।\" कुछ लोगों ने पवन सिंह के माथे पर लगे तिलक और गले में पहने भगवान शिव के लॉकेट का जिक्र करते हुए सवाल उठाए।
कुछ यूजर्स ने कहा कि सावन जैसे धार्मिक महीने में इस तरह का कंटेंट लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचा सकता है। वहीं पवन सिंह के समर्थकों का कहना है कि यह सिर्फ एक मनोरंजन शो का हिस्सा है और इसे उसी नजरिए से देखा जाना चाहिए। \'भोजपुरी बवाल\' में पवन सिंह का अलग अंदाज देखने को मिल रहा है। आमतौर पर फिल्मों और म्यूजिक वीडियो में नजर आने वाले पवन इस शो के जरिए अपने निजी अंदाज और अलग प्रतिभा को दर्शकों के सामने पेश कर रहे हैं। शो के प्रोमो को लेकर भले ही विवाद खड़ा हो गया हो, लेकिन इसने सोशल मीडिया पर काफी चर्चा जरूर बटोर ली है। पवन सिंह भोजपुरी इंडस्ट्री के बड़े सितारों में गिने जाते हैं। उनकी फिल्मों और गानों को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिलता रहा है। अब देखना होगा कि \'भोजपुरी बवाल\' में उनका यह नया अंदाज दर्शकों को कितना पसंद आता है और सोशल मीडिया पर उठे विवाद का शो पर कितना असर पड़ता है।