IMG-LOGO

नेपाल में सुशासन पर जोर, बालेन्द्र शाह सरकार के 100 दिन ‘सकारात्मक’ बताए गए : रवि लामिछाने

Posted on: 2026-07-04
IMG
नेपाल में सुशासन पर जोर, बालेन्द्र शाह सरकार के 100 दिन ‘सकारात्मक’ बताए गए : रवि लामिछाने

काठमांडू, 04 जुलाई । नेपाल के सत्तारूढ़ दल राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने कहा है कि प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह के नेतृत्व वाली सरकार के शुरुआती 100 दिन सुशासन और नागरिक सेवाओं में सुधार की दिशा में सकारात्मक रहे हैं।

सरकार के 100 दिन पूरे होने के अवसर पर शनिवार को मीडिया से बातचीत करते हुए लामिछाने ने कहा कि इस अवधि में सरकार का मुख्य फोकस सुशासन और जनता को सरल, पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने पर रहा है।

उन्होंने कहा कि नागरिक सेवाओं को डिजिटल बनाने, होम डिलीवरी सिस्टम विकसित करने और प्रक्रियाओं को सरल बनाने की दिशा में काम शुरू किया गया है, ताकि आम लोगों को सरकारी सेवाएं आसानी से मिल सकें।

लामिछाने के अनुसार, “तुरंत दिखाई देने वाले परिणामों पर भी काम जारी है और सरकार सुशासन को प्राथमिकता दे रही है।” उन्होंने यह भी कहा कि जनता से मिलने वाले सुझावों के आधार पर नीतियों में सुधार किया जाएगा।

उन्होंने आगे कहा कि किसी भी नए प्रशासन में प्रारंभिक चरण में कुछ प्रक्रियागत कमियां रह सकती हैं, लेकिन महत्वपूर्ण यह है कि सरकार उन्हें पहचानकर सुधार की दिशा में आगे बढ़े। उनके अनुसार, यदि भविष्य में कोई कमी सामने आती है तो उसे दोबारा न दोहराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

सरकार के 100 दिन पूरे होने के इस मौके पर नेताओं का मानना है कि यह अवधि प्रशासनिक सुधारों की दिशा में एक शुरुआती लेकिन महत्वपूर्ण चरण साबित हुई है।

Tags: