IMG-LOGO

ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत, एशिया में भी तेजी का रुख

Posted on: 2026-07-03
IMG
ग्लोबल मार्केट से पॉजिटिव संकेत, एशिया में भी तेजी का रुख

नई दिल्ली, 03 जुलाई। ग्लोबल मार्केट से आज पॉजिटिव संकेत मिल रहे हैं। अमेरिकी बाजार पिछले सत्र के दौरान दबाव में कारोबार करते रहे। हालांकि डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज मजबूती के साथ कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान जोरदार तेजी का रुख बना रहा। वहीं एशियाई बाजार में भी आज आमतौर पर लिवाली का रुख बना हुआ है।


चिप बनाने वाली कंपनियों के शेयर में आई बड़ी गिरावट की वजह से पिछले सत्र के दौरान अमेरिकी बाजार में दबाव का माहौल बना रहा। एस एंड पी 500 इंडेक्स सपाट स्तर पर 0.01 अंक की सांकेतिक बढ़त के साथ 7,483.24 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह नैस्डेक ने 207.36 अंक यानी 0.80 प्रतिशत टूट कर 25,832.67 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। वहीं डाउ जॉन्स फ्यूचर्स आज फिलहाल 114.17 अंक यानी 0.22 प्रतिशत की तेजी के साथ 53,014.24 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है।


यूरोपीय बाजार में पिछले सत्र के दौरान चौतरफा खरीदारी होती रही। एफटीएसई इंडेक्स 174.53 अंक यानी 1.64 प्रतिशत की मजबूती के साथ 10,652.87 अंक के स्तर पर बंद हुआ। इसी तरह सीएसी इंडेक्स ने 137.57 अंक यानी 1.62 प्रतिशत उछल कर 8,474.86 अंक के स्तर पर पिछले सत्र के कारोबार का अंत किया। इसके अलावा डीएएक्स इंडेक्स 540.60 अंक यानी 2.11 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,580.88 अंक के स्तर पर बंद हुआ।


एशिया में भी आज ज्यादातर शेयर बाजार में खरीदारी का रुख बना हुआ है। एशिया के नौ बाजार में से आठ के सूचकांक मजबूती के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं, जबकि एक सूचकांक गिरावट के साथ लाल निशान में बना हुआ है। एशियाई बाजार में इकलौता ताइवान वेटेड इंडेक्स 320.16 अंक यानी 0.69 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 46,424 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।


दूसरी ओर, गिफ्ट निफ्टी 148 अंक यानी 0.61 प्रतिशत की मजबूती के साथ 24,405.50 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसी तरह शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 0.69 प्रतिशत की तेजी के साथ 4,056.78 अंक के स्तर पर कारोबार करता हुआ नजर आ रहा है। कोस्पी इंडेक्स ने आज जोरदार छलांग लगाई है। फिलहाल यह सूचकांक 242.92 अंक यानी 3.08 प्रतिशत उछल कर 7,891.01 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहा है।


जकार्ता कंपोजिट इंडेक्स में भी आज जबरदस्त तेजी का रुख बना हुआ है। फिलहाल यह सूचकांक 121.94 अंक यानी 2.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,866.50 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसी तरह हैंग सेंग इंडेक्स 331.97 अंक यानी 1.42 प्रतिशत की उछाल के साथ 23,387 अंक के स्तर पर पहुंचा हुआ है। इसके अलावा सेट कंपोजिट इंडेक्स 1.22 प्रतिशत की मजबूती के साथ 1,613.27 अंक के स्तर पर, निक्केई इंडेक्स 566.85 अंक यानी 0.82 प्रतिशत की तेजी के साथ 69,300 अंक के स्तर पर और स्ट्रेट्स टाइम्स इंडेक्स 0.39 प्रतिशत की बढ़त के साथ 5,237.36 अंक के स्तर पर कारोबार कर रहे हैं।

Tags: