IMG-LOGO

गडकरी ने की पश्चिम बंगाल की एनएच परियोजनाओं की समीक्षा, मानसून को लेकर दिए निर्देश

Posted on: 2026-06-01
IMG
गडकरी ने की पश्चिम बंगाल की एनएच परियोजनाओं की समीक्षा, मानसून को लेकर दिए निर्देश

नई दिल्ली, 01 जून । केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पश्चिम बंगाल की 3,748 किलोमीटर लंबी राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की गुणवत्ता और रखरखाव की समीक्षा की। यह समीक्षा मीडिया और सोशल मीडिया से प्राप्त इनपुट्स के आधार पर की गई।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने बताया कि सोमवार को यहां आयोजित बैठक में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री हर्ष मल्होत्रा, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड (एनएचआईडीसीएल), मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और परियोजना ठेकेदार शामिल हुए।

गडकरी ने बैठक में जमीनी स्तर पर कार्य में तेजी लाने, गुणवत्ता निगरानी को मजबूत करने और आधुनिक निर्माण पद्धतियों को अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि इससे परियोजनाओं की आयु बढ़ेगी, सवारी की गुणवत्ता सुधरेगी और निर्बाध संपर्क सुनिश्चित होगा।

बैठक में उन्होंने अधिकारियों को अग्रिम मानसून तैयारी के निर्देश भी दिए। इसमें प्रभावी जल निकासी प्रबंधन, ढलान सुरक्षा उपाय और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली शामिल हैं, ताकि बारिश के दौरान यातायात में व्यवधान कम हो और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Tags: