IMG-LOGO

अफगानिस्तान में 2030 तक महिला शिक्षकों और स्वास्थ्यकर्मियों की भारी कमी की आशंका

Posted on: 2026-04-28
IMG
अफगानिस्तान में 2030 तक महिला शिक्षकों और स्वास्थ्यकर्मियों की भारी कमी की आशंका

संयुक्त राष्ट्र अंतर्राष्ट्रीय बाल आपातकालीन कोष-यूनिसेफ ने आज चेतावनी दी है कि अफगानिस्तान में लड़कियों की शिक्षा और महिलाओं के रोजगार पर जारी प्रतिबंधों के कारण 2030 तक 20 हजार महिला शिक्षकों और 5,400 स्वास्थ्यकर्मियों की कमी होगी।
 
अफगानिस्तान में लड़कियों की शिक्षा और महिलाओं की श्रम शक्ति में भागीदारी पर निष्क्रियता की कीमत शीर्षक से अपने नवीनतम विश्लेषण में, यूनिसेफ ने कहा कि 2023 से 2025 के बीच सिविल सेवाओं में महिलाओं का प्रतिनिधित्व 21 से घटकर 17.7 प्रतिशत रह गया है।
 
यूनिसेफ ने चेतावनी दी है कि अफगानिस्तान के स्कूलों और अस्पतालों में प्रशिक्षित महिला पेशेवरों की घटती संख्या का बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य परिणामों और भविष्य के अवसरों पर विनाशकारी प्रभाव पड़ेगा। 
 
सितंबर 2021 में अफ़गान तालिबान द्वारा लड़कियों को माध्यमिक शिक्षा से वंचित किए जाने के बाद से, यूनिसेफ का कहना है कि पहले से ही विश्व में सबसे कम महिला साक्षरता दर वाले देश में दस लाख लड़कियों को शिक्षा के अधिकार से वंचित किया गया है। विश्लेषण के अनुसार, वर्ष 2030 तक यह प्रतिबंध जारी रहा तो अफगानिस्तान में बीस लाख से अधिक लड़कियां प्राथमिक शिक्षा से आगे की शिक्षा के अधिकार से वंचित हो जाएंगी।

Tags: